जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक माननीय केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में संपन्न
समस्तीपुर, 07 सितंबर 2026।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा परिसर में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की महत्वपूर्ण बैठक माननीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय गृह राज्य मंत्री श्री नित्यानंद राय की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जिले में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में सह-अध्यक्ष एवं सांसद समस्तीपुर श्रीमती शांभवी, माननीय विधान पार्षद श्री तरुण कुमार, माननीय विधायक रोसड़ा श्री वीरेंद्र कुमार, माननीय विधायक हसनपुर श्री राजकुमार राय, माननीय विधायक वारिसनगर श्री मांजरिक मृणाल, माननीय मेयर नगर निगम समस्तीपुर श्रीमती अनीता राम, माननीय कुलपति पूसा विश्वविद्यालय, जिलाधिकारी समस्तीपुर श्री रोशन कुशवाहा, पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर श्री अरविंद प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त समस्तीपुर श्री सूर्य प्रताप सिंह सहित सभी प्रखंड प्रमुख एवं DISHA के माननीय सदस्यगण उपस्थित रहे।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की विभागवार एवं योजनावार समीक्षा की गई। माननीय अध्यक्ष द्वारा योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में शिक्षा विभाग के अंतर्गत जिले के सभी विद्यालयों के भवनों की स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यकतानुसार भवनों की मरम्मत एवं जीर्णोद्धार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ छात्र-शिक्षक अनुपात एवं वास्तविक आवश्यकता के अनुरूप शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। जहां शिक्षकों की कमी है, वहां आवश्यकता के अनुरूप उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में पठन-पाठन की व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने पर विशेष फोकस किया गया।
इसी क्रम में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिले के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं आवश्यक स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की नियमित समीक्षा करने तथा आम लोगों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
बाढ़ आपदा से प्रभावित लोगों के लिए विशेष तैयारी
बैठक में वर्तमान में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ से प्रभावित लोगों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों एवं व्यवस्थाओं पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई। माननीय अध्यक्ष द्वारा निर्देश दिया गया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर संचालित किया जाए तथा प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधा, आश्रय स्थल, दवा, पशु चारा, आवागमन एवं अन्य आवश्यक राहत सामग्री की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बाढ़ की स्थिति को देखते हुए संबंधित पदाधिकारियों को सतत निगरानी रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक संसाधनों की पूर्व व्यवस्था करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक तंत्र को पूरी तरह तैयार रखने का निर्देश दिया गया। प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने पर विशेष जोर दिया गया।
माननीय अध्यक्ष ने कहा कि विकास योजनाओं के साथ-साथ वर्तमान आपदा की स्थिति में आम लोगों की सुरक्षा एवं सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास एवं जनकल्याण को और प्रभावी बनाने का आह्वान किया।

जिलाधिकारी श्री रोशन कुशवाहा ने बैठक में प्राप्त निर्देशों एवं सुझावों के अनुरूप सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा एवं अनुश्रवण करने का निर्देश दिया।
