1953 से चली आ रही परंपरा में 80 साल तक के कलाकारों ने दिखाया हुनर
One News Network 🛜
समस्तीपुर/पूसा।रामजी कुमार।
पांच साल के बच्चों से लेकर 80 वर्ष के बुजुर्गों तक ने रविवार को एक ही मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मौका था शहीद खुदीराम बोस समाज कल्याण समिति, पूसा के तत्वावधान में आयोजित फैंसी ड्रेस समारोह का। अलग-अलग वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। वहीं फैंसी फुटबॉल मैच ने कार्यक्रम में मनोरंजन का तड़का लगा दिया।

समारोह का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख रविता तिवारी, अनुमंडलीय अस्पताल पूसा के उपाधीक्षक डॉ. राकेश कुमार सिंह, 20 सूत्री उपाध्यक्ष रंजीत शर्मा, पूर्व मुखिया सुनील कुमार सुमन, पंसस रमेंद्र स्वरूप, दीपमाला, जिप सदस्य रवि रौशन, डॉ. सुषमा, थानाध्यक्ष रमेश कुमार एवं मुखिया संजीव कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत कृष्ण कुंज, शांति स्टेपिंग स्टोन एवं ग्रीनवुड पब्लिक स्कूल के बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इसके बाद विभिन्न परिधानों में सजे कलाकारों ने फैंसी ड्रेस के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। फैंसी फुटबॉल मैच में कलाकारों के खेल और अंदाज ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
वक्ताओं ने कहा कि शहीद खुदीराम बोस समाज कल्याण समिति से जुड़े कलाकार वर्ष 1953 से सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों के मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश देने का प्रयास करते आ रहे हैं। इस समारोह में पांच से 80 वर्ष तक के कलाकारों की भागीदारी इस परंपरा की खासियत रही। वक्ताओं ने कहा कि ऐसी गतिविधियां विभिन्न पीढ़ियों को एक मंच पर लाने के साथ नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करती हैं। इसे आगे भी जारी रखने की जरूरत है।
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों को आगत अतिथियों ने मोमेंटो, मेडल एवं प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में डॉ. मुक्तेश्वर प्रसाद सिंह ने स्वागत किया। संचालन पप्पू कुमार एवं सुमन कुमार ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन समिति के सचिव अभय कुमार ने किया। मौके पर मुखिया नवीन कुमार राय, सत्यप्रकाश, राहुल, गौतम, मो. रशीद, जाहिद, मो. फैयाज, त्रिभुवन, राम ललित मिश्रा, अजयकांत, संस्कार, साहेब, अविनाश, संतोष कुमार, अनंत सावर्ण, मनोहर, आहिल, त्रिवेणी सहनी, अरमान, प्रिंस चौधरी, प्रणव, अवनीश, मो. शमशेर, मनोज कुमार, जगरनाथ चौधरी, अनिल कुमार, शेखर कुमार, मंजय कुमार, संजय कुमार, सुभाषी कुमार सहित अन्य कलाकार मौजूद रहे।
