पटना। राजधानी की महत्वाकांक्षी पटना मेट्रो परियोजना (Patna Metro Project) की प्रगति की सोमवार को उच्चस्तरीय समीक्षा की गई।
नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव-सह-पटना मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पीएमआरसीएल) के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी की अध्यक्षता में हुई बैठक में परियोजना के विभिन्न कॉरिडोरों में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का आकलन किया गया। बैठक में पीएमआरसीएल, डीएमआरसी और अन्य संबंधित एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और इसे अक्टूबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में भूमिगत कारिडोर के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि राजेंद्र नगर और मोइनुलहक स्टेडियम के बीच सुरंग की खोदाई का कार्य अंतिम चरण में है और अगले दो दिनों में इसे पूरा कर लिया जाएगा।
वहीं, नेहरू पथ क्षेत्र में मेट्रो सुरंग निर्माण के लिए नवंबर माह में जू के समीप टनल बोरिंग मशीन (टीबीएम) लॉन्च की जाएगी, जिसके बाद इस हिस्से में भूमिगत निर्माण कार्य को गति मिलेगी।
सचिव-सह-प्रबंध निदेशक ने विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने तथा परियोजना की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
बैठक के दौरान पटना मेट्रो परियोजना के विभिन्न कारिडोरों में चल रहे निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने परियोजना की वर्तमान स्थिति, कार्यों की प्रगति तथा निर्माण के दौरान सामने आ रही चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही परियोजना के क्रियान्वयन में आ रही सभी महत्वपूर्ण बाधाओं और लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई।
